Search This Blog

Monday, 28 December 2015

बरवाला में छह वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म

शाहपुर। थानाक्षेत्र के गांव बरवाला में एक वहशी दरिन्दे ने गांव की ही एक 6 वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर बालिका का गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। गांव के साहसी दो बालक खेत के पास पडी बदहवास बालिका को लेकर उसके घर पर पहुंचे। होश आने के बाद में बालिका ने परिजनोें को आपबीती सुनायी, जिसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों को घटना के बारे में बताया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकडकर मारपीट करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
शाहपुर के गांव बरवाला निवासी ऐजाज पुत्र दिन्नू ने बताया कि रविवार को वह अपनी पत्नी व अन्य परिजनों के साथ अपने खेतों पर काम करने गया था। वह अपनी छह वर्षीय पुत्री को घर पर छोडकर गया था। इसी दौरान गांव का ही एक युवक अनीस पुत्र मेहरदीन घर के बाहर खेल रही बालिका को बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर बालिका को मृत समझकर मौके से फरार हो गया। दोपहर बाद जब वह घर वापस पहुंचा, तो उसकी पुत्री घर पर नहीं मिली, जिसको उसने आस पडौस में काफी तलाश किया, किन्तु वह नहीं मिली, जब वह अपनी पुत्री को दूसरी जगह तलाश कर रहा था कि गांव के ही दो साहसी बच्चे उसकी पुत्री को बदहवास हालत में लेकर उसके घर पहुंचे और बताया कि उसकी पुत्री गांव में स्थित ईदगाह व गन्ने के खेत के पास पडी हुई थी। उसने अपनी पुत्री को देखा, तो बालिका के मुंह में मिट्टी भरी हुई थी तथा गले पर खरोंच के निशान है। उसने बालिका के मुंह से भरी हुई मिट्टी को निकाला, जिसके बाद होश में आने पर डरी सहमी बालिका ने आपबीती सुनाई। बालिका के पिता ने इसकी सूचना ग्रामीणों को देने के बाद वह अपनी पुत्री को लेकर शाहपुर थाने पहुंचा तथा पुलिस को घटना से अवगत कराया। बरवाला में मासूम बालिका के साथ हुई दरिन्दगी से पुलिस में हडकम्प मच गया। उधर ग्रामीणों ने आरोपी वहशी दरिन्दे को किसी तरह पकडकर उसकी जमकर धुनाई की तथा गांव में पहुंची पुलिस को साैंप दिया। पुलिस आरोपी को लेकर थाने आ गयी और उससे घटना के बारे में पूछताछ की तथा आरोपी पैट को कब्जे में ले लिया। उधर पुलिस मासूम बालिका का मैडिकल मुआयना कराने की तैयारी में लगी हुई है। घटना के सम्बन्ध में बालिका के पिता ने थाने पर तहरीर दी है। उधर गांव में बालिका के साथ हुई घटना को लेकर रोष व्याप्त है।

आक्रोशित मुस्लिमों ने गंगोह चौराहे पर लगाया जाम

जलालाबाद। यशवीर ब्रहमचारी के बयान को लेकर मुस्लिम युवकों ने घंटों जाम लगाया। जलालाबाद में रविवार को दिन निकलते ही नये बस स्टैंड गंगोह चौराहे पर पुलिस चौकी के सामने मुस्लिम युवकों ने सैकडो की तादाद में सपा नेता करीमुल्ला खान के नेतृत्व में एकत्रित होने शुरु हो गये और नारेबाजी करते हुए दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर आने जाने वाले सभी वाहनों को रोककर जाम लगा दिया गया। घंटों पूरी तरह जाम लगने से सैकडों वाहन की लम्बी कतार दोनों ओर लग गयी, जिसके कारण हजारों यात्री जाम में फस गयें तथा छोटे-2 बच्चे रोने चिल्लाने लगें। 
कुछ युवक बसों की छत पर चढ गये। और हो-हल्ला मचाने लगें। इस कारण बसों में यात्रा कर रहे बडे-बूढे, महिलायें, बच्चें सहम गये और जाम लगाने वाले जोरदार नारे लगाकर मांग कर रहे थे कि यशवीर ब्रहमचारी को गिरफ्तार करो, गिरफ्तार करों तथा जाम लगाने वाले छोटे-बडे व्यक्तियों की बात को मानने को तैयार नहीं हुए। इसी प्रकार कस्बे के रोडवेज बस स्टैंड इन्द्रागेट व जैन मंदिर गेट हाईवे पर भी युवकों ने जाम लगा दिया तथा पूर्व चेयरमैन जहीर मलिक ने भरसक समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, परन्तु जाम खोलकर फिर जाम लगा दिया। इसी बीच गंगोह चौराहे पर चौकी प्रभारी अक्तर अली और दरोगा साहब सिंह, ओम प्रकाश, वेदपाल सिंह आदि थाने के दरोगा मयफोर्स के मौजूद रहे और उन्होंने काफी देर तक समझा-बुझाकर जाम खोलने को कहा तथा करीमुल्ला खान से कहा कि इस तरह से जाम लगाना अच्छी बात नहीं है। प्रशासन आपकी मांगों पर कार्रवाही कर रहा है, तब जाकर करीब दो घंटों बाद जाम खोला गया। जाम लगाने वालों में सपा नेता करीमुल्ला खान, फरमान, रामिल, जाहिद, शहजाद, छोटा मौसीन आदि सैकडों युवक मौजूद रहे।

ISIS ने दी जान से मारने की धमकी: साक्षी महाराज

 उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने दावा किया है कि अपनी बर्बरता के लिए कुख्यात आतंकवादी संगठन आईएसआईएस ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। इसकी जानकारी उन्होंने उन्नाव के आला अधिकारियों को दी है।

उन्होंने बताया कि उनके पास +560902567 नंबर से धमकी भरा फोन आया। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस अ‌धिकारी मामले की जांच में लग गए हैं।

वहीं, कुछ घंटे पहले ही भाजपा विधायक संगीत सोम ने भी आईएसआईएस से धमकी मिलने की बात कही। सोम के अनुसार, शनिवार सुबह चिली से आए एक फोन कॉल पर उन्हें धमकाया गया है।

गौरतलब है कि संगीत सोम मुजफ्फरनगर दंगों के आरोपी हैं।

लखनऊ में माया होंगी सपा प्रत्याशी, दूसरों का पत्ता कटा

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में प्रत्याशियों को लेकर समाजवादी पार्टी में उठापटक जारी है। ऐसे में गुटबंदी पर रोक लगाने के लिए सपा सोमवार को कई जिलों में प्रभारियों की घोषणा कर सकती है। कुछ जिलों के प्रत्याशी बदले भी जा सकते हैं। 

इस बीच पार्टी ने लखनऊ में रीता यादव के स्थान पर वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर यादव की पत्नी माया देवी यादव को उम्मीदवार बनाए जाने की पुष्टि की है।

सपा से सुनील यादव साजन और आनंद भदौरिया के निष्कासन के बावजूद जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर तमाम जिलों में पार्टी की खेमेबंदी रुक नहीं पा रही है।बिजनौर में बागी प्रत्याशी उदयन वीरा और उनकी पत्नी विधायक रुचिवीरा झुकने को तैयार नहीं हैं। वे अधिकृत प्रत्याशी विधायक मनोज पारस की पत्नी नीलम पारस के खिलाफ चुनाव मैदान में ताल ठोके हुए हैं। 

एटा में विधायक रामेश्वर यादव के बेटे सुबोध यादव ने निष्कासन के बावजूद हार नहीं मानी है। सपा के ही एक विधायक की पत्नी के खिलाफ वे बागी प्रत्याशी को समर्थन दे रहे हैं।

सुनील यादव और आनंद भदौरिया अपने निष्कासन पर चुप्पी साधे हुए हैं। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के स्तर से फैसला होने के कारण युवा संगठनों के अन्य नेता भी इस मुद्दे पर मुंह नहीं खोल रहे। हालांकि सोशल मीडिया पर युवाओं ने जरूर टिप्पणी की है।