Search This Blog

Friday, 25 December 2015

बाबरी ढांचा गिराने में तत्कालीन पीएम और आरएसएस में था गुप्त समझौता

रामपुर। अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले उत्तर प्रदेश के नगर विकास और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद आजम खां ने आरोप लगाया है कि अयोध्या में विवादित बाबरी ढांचे को ध्वस्त कराने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के बीच गुप्त समझौता हुआ था। श्री खां ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि छह दिसम्बर 1992 को विवादित बाबरी ढांचा ध्वस्त होते समय सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे, 

लेकिन इसी समझौते की वजह से सभी एक किनारे खडे हो गए थे। उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों पर उनका आरोप नहीं है, लेकिन यह ऐतिहासिक सत्य है। अयोध्या में ताजा घटनाक्रम के बाबत पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी मामले को दबाने के बजाय उसका हल निकाला जाना चाहिए। उच्चतम न्यायालय का निर्णय आने तक सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए। सपा नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बुनियादी मुद्दों पर काम करने के बजाय लोगों को भडकाने में ज्यादा विश्वास करती है, इसीलिए बीच-बीच में अयोध्या जैसे मुद्दों को हवा दी जाती है।

कोहरे से ट्रेन व्यवस्था ठप

मुजफ्फरनगर। प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र में कोहरे का अधिक प्रकोप जनपद क्षेत्र के मुसाफिरों की मुसीबत की वजह बना हुआ है।

कोहरे में फंसी रेल गाड़ियां विलंब से पहुंच रही हैं। जिस कारण लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उधर, रेलवे अधिकारियों का मानना है कि ट्रेनों पर कोहरे का अधिक प्रभाव है।

स्टेशन अधीक्षक विपिन त्यागी कहते हैं कि पूर्वी क्षेत्र से गाड़ियां देरी से पहुंच रही हैं। जनपद के आसपास के स्टेशनों पर गाड़ियों की स्पीड औसतन है।

सुपर गाड़ी अभी तक दो बार एक-एक दिन के लिए रद की जा चुकी हैं। द्विसाप्ताहिक चंडीगढ़-चेन्नई एक्सप्रेस पिछले सप्ताह के शुक्रवार को निरस्त रही थी।

इसकी वजह कोहरे का अधिक प्रभाव बताया गया था। साथ ही पूर्वी यूपी क्षेत्र से आने वाली गाड़ियां लगातार लेटलतीफ हैं। स्टेशन स्टाफ के मुताबिक शुक्रवार को नौचंदी लिंक एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से पहुंची। सुबह को सहारनपुर की तरफ से सुपर ढाई घंटे देरी से आई और शाम को दिल्ली की तरफ से भी दो घंटे लेट रही।

रात में दिल्ली की तरफ से आने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस चार घंटे के विलंब से पहुंची। कलिंगा उत्कल तीन घंटे लेट रही। बलसाड एक्सप्रेस डेढ़ घंटे विलंब से आई। इंदौर एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे की देरी से आई। गोल्डन टेंपल ढाई घंटे की देरी से पहुंची। रेलवे अधिकारियों ने अभी ट्रेनों की लेटलतीफी जारी रहने की संभावना जताई गई है।

Tuesday, 22 December 2015

तमंचा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी

मुजफ्फरनगर पुलिस ने खानपुर के जंगल में छापा मारकर अवैध असलाह बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। मौके से चार मसकट, 15 तमंचे और कारतूस तथा भारी मात्रा में तमंचों के पार्ट्स बरामद हुए। पुलिस ने घटनास्थल से तमंचे बनाने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि एक पुलिस से बचकर भागने में सफल हो गया।

कोतवाली क्षेत्र के गांव खानपुर के जंगल में अवैध असलाह बनाने की फैक्ट्री की सूचना पुलिस को मिली। इंस्पेक्टर कमल सिंह यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर उन्होंने पुलिस बल के साथ खानपुर के जंगल को घेर लिया। उमरपुर निवासी महेंद्र के पॉपुलर के खेतों में तमंचा फैक्ट्री होने की सूचना थी।

पुलिस ने खेत को घेरकर छापा मारा, तो एक ग्रामीण बचकर भागने में सफल हो गया। पुलिस ने बताया कि पॉपुलर के खेत के बीच त्रिपाल डालकर फैक्ट्री चलाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से दो ग्रामीणों को गिरफ्तार किया। घटनास्थल से पुलिस को चार मसकट, 15 बने हुए तमंचे, एक दर्जन अधबने तमंचे, तमंचों की नाल तथा भारी मात्रा में पार्ट्स बरामद किए।

मौके से पुलिस को ड्रिल, वेल्डिंग मशीन, शिकंजे, आरी के ब्लेड, विभिन्न प्रकार की रेतियां तथा अन्य उपकरण मिले हैं। इंसपेक्टर ने बताया कि पकडे़ गए लोगों में उमरपुर निवासी इंतजार तथा खानपुर निवासी विजयपाल हैं। मंदवाड़ा निवासी शकील पुलिस से बचकर भागने में सफल हो गया।

पकडे़ गए लोगों ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति रोजाना तीन तमंचे तैयार कर लेता है। एक तमंचे की 500 रुपये की लागत आती है और दो से तीन हजार रुपये में बिक जाता है। इंस्पेक्टर ने बताया कि तमंचा बनाने वालों से पूछताछ की जा रही है। मौके से फरार शकील को जल्दी ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

अखिल भारतीय युवा मोर्चा के संस्थापक पर केस

मुजफ्फरनगर में इस्लाम के पैगंबर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी फेस बुक पर वायरल हो गई है। इसे पोस्ट करने के आरोपी हिंदू संगठन के संस्थापक के खिलाफ मुस्लिम समाज में आक्रोश फैल गया है। पूर्व सांसद कादिर राना के पीए की ओर से दी गई तहरीर पर आला अफसरों के सलाह मशविरे के बाद शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया। मामले की छानबीन शुरू कर दी।


पूर्व बसपा सांसद कादिर राना के पीए मुस्तकीम किदवई नगर के निवासी हैं। पीए ने पुलिस को तहरीर दी, इसमें कहा अखिल भारतीय युवा मोर्चा के संस्थापक शिवओम ने फेसबुक पर इस्लाम धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके पोस्ट करने से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं । 

आरोपी के खिलाफ राष्ट्रदोह के आरोप में मुकदमा दर्ज किया जाए। गंभीर प्रकरण सामने आने पर पुलिस अफसरों में खलबली मच गई। शासन को इसके बारे में बताया। पुलिस ने शिवओम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया।

अभी तक की छानबीन में दो लोगों के पोस्ट शेयर करने की बात सामने आई है। आरोपी के घर का पता अभी नहीं तक मिला। केस की छानबीन शुरू कर दी। उल्लेखनीय है कुछ दिन पहले ही हिंदू संगठन से जुड़े कमलेश तिवारी पर पैगंबर पर टिप्पणी का आरोप लगाया था। इसके बाद बखेड़ा खड़ा हो गया था। एक बार फिर धार्मिक टिप्पणी से पुलिस-प्रशासन में खलबली मची है।