Search This Blog

Wednesday 16 December 2015

योगराज सिंह बसपा से निष्कासित........

मुजफ्फरनगर। जिले में एकाएक बदले राजनीतिक घटनाक्रम में आज पूर्व राज्यमंत्री चौ. योगराज सिंह को बसपा से निष्कासित कर दिया गया। उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाये जाने के आरोप लगाये गये हैं। पिछले दिनों बुढाना से टिकट कटने के कारण योगराज सिंह बसपा हाईकमान से नाराज चल रहे थे। योगराज सिंह कल (आज) लखनउ में राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होंगे। बसपा जिलाध्यक्ष कमल गौतम ने आज देर सायं मीडिया को जारी एक संक्षिप्त पत्र में पूर्व मंत्री चौ. योगराज सिंह को बसपा से निष्कासित करने की कार्यवाही की जानकारी दी। कमल गौतम ने बताया कि उच्च निर्देशानुसार पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाये जाने के कारण योगराज सिंह को बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। ज्ञातव्य है कि वर्ष 2007 में बसपा के टिकट पर बुढाना विधानसभा सीट से चौ. योगराज सिंह विधायक चुने गये थे। उन्हें बसपा सुप्रीमो कु. मायावती ने अपने मंत्रीमण्डल में राज्यमंत्री के रूप में शामिल कर लिया था, जिस कारण एकाएक चौ. योगराज सिंह का राजनीतिक रूतबा काफी बढ गया था। बुढाना से चुनाव लडे जाने से पूर्व तक वह अपने पिता चौ. जगबीर सिंह की राजनीतिक विरासत को आगे बढाने के प्रयासों में जुटे हुए थे। चौ. जगबीर सिंह की हत्या के बाद भी वह विभिन्न स्तर पर संघर्ष करते रहे। जुगाड चालकों व किसानों के मुद्दों को लेकर भी उन्होंने काफी धरने-प्रदर्शन किये। चौ. जगबीर सिंह की हत्या के बाद उपजी सहानुभूति की लहर में चौ. योगराज सिंह बुढाना से बसपा के टिकट पर विधायक चुने गये थे। 2007 से 2012 तक उनका काफी रूतबा रहा, लेकिन 2012 के चुनाव में वह बसपा के टिकट पर बुढाना से चुनाव हार गये, जिसके बाद उनका राजनीतिक ग्राफ गिरता चला गया। पिछले दिनों बसपा ने बुढाना निवासी मौ. नईम मलिक को बुढाना विधानसभा का प्रभारी नियुक्त कर दिया और एक तरह से योगराज सिंह का टिकट काट दिया था, जिस कारण चौ. योगराज सिंह बसपा हाईकमान से काफी नाराज चल रहे थे। वह रालोद व भाजपा में जाने की जुगत में जुट गये और फिर आखिर में गोपनीय तरीके से उनका राष्ट्रीय लोकदल में जाना तय हो गया। यह बात लीक हो गई और किसी तरह बसपा हाईकमान तक भी पहुंच गई। बसपा ने उनके पार्टी छोडने की घोषणा से पहले ही अपनी तरफ से बयान जारी कर चौ. योगराज सिंह को पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा कर दी। अब कल (आज) 17 दिसम्बर को चौ. योगराज सिंह राष्ट्रीय लोकदल में चले जायेंगे। सूत्रों से पता चला है कि कल (आज) लखनउ में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यालय पर उनके रालोद में शामिल होने की घोषणा पूर्व सांसद जयन्त चौधरी व प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना सिंह चौहान की उपस्थिति में की जायेगी

No comments:

Post a Comment